रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों पेट्रोल और डीजल को लेकर भारी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कुछ पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई है। अचानक बढ़ी भीड़ और आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों में “पेट्रोल पैनिक” जैसा माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार कई शहरों और कस्बों में पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को जरूरत के हिसाब से पेट्रोल और डीजल नहीं मिल पा रहा है। कुछ जगहों पर सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है, जबकि कई पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद भी बताए जा रहे हैं। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ईंधन संकट की खबर फैलते ही लोग सुबह से ही पेट्रोल पंपों में लाइन लगाकर खड़े नजर आए। कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें सड़क तक पहुंच गईं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। लोगों के बीच यह डर बना हुआ है कि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वहीं हाल ही में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। आम जनता का कहना है कि महंगाई पहले से ही लोगों की कमर तोड़ रही है और अब ईंधन संकट ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
हालांकि प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ती भीड़ और सीमित उपलब्धता के कारण लोगों की चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परिवहन और बाजार व्यवस्था पर भी इसका असर दिखाई दे सकता है।


