खैरागढ़। जिले में नेत्र रोगों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साईट सेवर ऑर्गनाइजेशन द्वारा वृहद नेत्र सर्वेक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिलेभर में मितानिनों, प्रशिक्षकों और समन्वयकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला अंधत्व नियंत्रण समिति के सचिव Dr. Ashish Sharma की अनुमति के बाद आयोजित किया गया। बैठक में विकासखंडवार अभियान की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
साईट सेवर ऑर्गनाइजेशन के जिला कार्यक्रम समन्वयक Rakesh Sahu ने बताया कि 31 मई तक जिलेभर में मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर नेत्र सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके बाद जुलाई माह के अंत तक नेत्र सहायक अधिकारियों, ऑप्टोमेट्रिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा नेत्र रोग निदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला सहायक नोडल अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम की Durgesh Nandini Shrivastava ने उपस्थित लोगों को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वेक्षण के दौरान चिन्हित मरीजों को शासन की ओर से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, दृष्टिदोष से पीड़ित विद्यार्थियों को मुफ्त चश्मा तथा अन्य नेत्र रोगियों को दवाइयां एवं उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रेसबायोपिया सहित अन्य नेत्र समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में नेत्र सहायक अधिकारी Purnima Chandel, Ekta Chandrakar, Arun Yadu, Homesh Sahu सहित सभी मितानिन समन्वयक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

