दवा वितरण से लेकर साफ-सफाई तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर
खैरागढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए CMHO ने खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. मनीष बघेल को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
दवा वितरण और डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति पर सख्ती
CMHO ने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए दवाइयों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को अलग से चस्पा करने तथा एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग बॉक्स बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी में सभी चिकित्सकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की हिदायत दी। साथ ही स्टाफ नर्सों को अपनी सेवाएं जिम्मेदारी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से देने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर जोर
अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर CMHO ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे से पहले सफाई का कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने महिला और पुरुष मरीजों को अलग-अलग वार्ड में रखने तथा अस्पताल के खाली स्थानों पर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी से संबंधित पोस्टर और बैनर लगाने को कहा।
इसके अलावा अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, एंबुलेंस चालकों और अन्य कर्मचारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर सूचना पटल पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों से संपर्क करने में परेशानी न हो।
अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों और कर्मचारियों के संबंध में CMHO ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोमेडिकल वेस्ट के निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
CMHO ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ आमजन तक बेहतर तरीके से पहुंचे। मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
औचक निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, एनसीडी जिला नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, सहायक नोडल अधिकारी नागेश सिमकर, कंसल्टेंट आरती चतुर्वेदानी, बीपीएम बृजेश ताम्रकार और वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी विनय रामटेके उपस्थित रहे।
CMHO के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता सामने आई है। अब निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के पालन और अस्पताल की व्यवस्थाओं में होने वाले सुधार पर नजर रहेगी।


