खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। छुईखदान में प्रतिष्ठित व्यापारी शांतिलाल जैन की दुकान में हुई चोरी के मामले में केसीजी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल एवं थाना छुईखदान की संयुक्त टीम ने मामले की बारीकी से जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का लगभग पूरा माल बरामद किया है।
14 अगस्त की रात दुकान का शटर तोड़कर चांदी के पुराने आभूषण चोरी किए गए थे। प्रार्थी द्वारा करीब 20 से 25 किलो चांदी चोरी होने की जानकारी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में महेन्द्र साहु, अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों से पूछताछ के बाद महेन्द्र साहु की निशानदेही पर नवागांव स्थित तालाब से चोरी के चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने नागपुर जाकर दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
वीडियो देखे...
https://www.facebook.com/share/v/1DNK7Ln1Fh/
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा सहित करीब 44 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस की तत्परता से खुला चोरी का राज
छुईखदान चोरीकांड का यह खुलासा केसीजी पुलिस की सक्रियता, तकनीकी जांच और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण है। घटना के बाद पुलिस ने जिस तेजी से सुराग जुटाए और आरोपियों तक पहुंचकर लाखों रुपये का चोरी का माल बरामद किया, उससे क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल एवं थाना छुईखदान के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




