खैरागढ़। जिले के ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से खैरागढ़ में जिला ड्राइवर यूनियन संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ड्राइवर साथी शामिल हुए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सुमित टांडिया को निर्विरोध जिला ड्राइवर यूनियन संघ का अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा दीपक यादव को उपाध्यक्ष, गोलू मेश्राम को सचिव, जुनैद खान को कोषाध्यक्ष तथा रामकुमार निषाद को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमित टांडिया ने कहा कि संघ ड्राइवरों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के निराकरण तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा। उन्होंने सभी ड्राइवर साथियों से एकजुट होकर संगठन के साथ कार्य करने की अपील भी की।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ड्राइवरों के सामाजिक, आर्थिक एवं व्यावसायिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने ड्राइवर समुदाय के हित में मिलकर कार्य करने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


