खैरागढ़। छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेली में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केसीजी जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति ललित चोपड़ा ने की, जबकि जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बुंदेली एवं आश्रित ग्राम नवागांव लोधी में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। ग्राम पंचायत बुंदेली में व्यावसायिक परिसर निर्माण हेतु 8.92 लाख रुपये, प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा नाली निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार आश्रित ग्राम नवागांव लोधी में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 6.50 लाख रुपये, सोलर वाटर टंकी के लिए 4 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत बुंदेली में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और अधोसंरचना विकास सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से व्यावसायिक परिसर के निर्माण से ग्राम पंचायत को आय का स्थायी स्रोत प्राप्त होगा, जिससे पंचायत आर्थिक रूप से सशक्त बनेगी। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों को भी आय सृजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
विक्रांत सिंह ने ग्राम पंचायत बुंदेली के सरपंच दिवाकर सोनी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित में किए जा रहे उनके प्रयास अनुकरणीय हैं।
कार्यक्रम में भावेश कोचर, जैनेन्द्र जंघेल, दीना जंघेल, अशोक पाल, भीखू हिरवानी, खेलन जंघेल, रोशन चंद्राकर, बलराम जंघेल, बालू जंघेल, दुष्यंत जंघेल, मुकेश जंघेल, डोमार सिंह भेड़िया, रेखचंद जंघेल, तामेश्वर जंघेल, बालाराम श्रीवास, खिलावन वर्मा, साहेब लाल रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं ग्रामीणों ने विकास कार्यों के शीघ्र पूर्ण होने तथा क्षेत्र के निरंतर विकास की कामना की।


