खैरागढ़। State Bank of India ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) खैरागढ़ द्वारा देवारीभाट स्थित डीपीआरसी भवन में संचालित ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण बैच का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं एवं युवतियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में कलेक्टर Indrajeet Singh Chandrawal, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी Prem Kumar Patel तथा आरसेटी निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक C. S. Thakur विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास और स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कौशल और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक रूप से मजबूत बनकर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से स्वरोजगार अपनाकर जिले की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि ब्यूटी पार्लर जैसे व्यवसाय कम लागत में बेहतर आय का सशक्त माध्यम बन सकते हैं।
वहीं आरसेटी निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक सी.एस. ठाकुर ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता, मुद्रा ऋण योजना और डिजिटल बैंकिंग की जानकारी देते हुए वित्तीय अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण में उन्हें ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, ग्राहक व्यवहार, सौंदर्य सेवाओं, स्वच्छता प्रबंधन और व्यवसाय संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।


