खैरागढ़।जालबांधा चौकी अंतर्गत ग्राम सिंघौरी में स्थित माता शीतला मंदिर से चांदी के छत्र की चोरी का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के दौरान किसी दानदाता द्वारा माता शीतला को श्रृंगार के रूप में करीब 12 तोला चांदी का छत्र चढ़ाया गया था। ग्रामीणों ने इसे आखिरी बार विसर्जन के दिन देखा था। इसके बाद जब गांव के लोग मंदिर पहुंचे तो छत्र गायब मिला।
धार्मिक स्थल से इस प्रकार की चोरी ने ग्रामीणों की आस्था को ठेस पहुंचाई है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला है।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने जालबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी किसने और कैसे की, लेकिन ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए छत्र की बरामदगी की मांग की है।


