खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलिकापड़ी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। घर के बाहर लगी लाइट चालू करते समय वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलिकापड़ी निवासी आशीष साहू (16 वर्ष), पिता रामनाथ साहू, 3 जुलाई की रात अपने घर के बाहर लगी बिजली की लाइट चालू कर रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 संजीवनी एम्बुलेंस की सहायता से उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। कम उम्र में आशीष की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

