सूरजपुर। मां कुदरगढ़ी धाम के दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से आ रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप शुक्रवार को सूरजपुर जिले के बांक घाट में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 30 से 35 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लवकेश गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। उनकी पहल पर 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और वाहन में सवार श्रद्धालुओं के अनुसार, चालक को संभवतः झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद पिकअप पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलटने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से मां कुदरगढ़ी धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कर दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

