राजनांदगांव। जिले के गौरीनगर क्षेत्र में गोवंशीय पशु के कटे सिर मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मामले में एक अपचारी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 299, 325, 238, 3(5), पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में घटना में प्रयुक्त 02 नग सुत्ता, 01 नग संटी चाकू तथा स्कूटी क्रमांक CG 24 R 6360 जब्त की गई है।
शीतला तालाब और अंडरब्रिज में मिले थे कटे सिर
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को गौरीनगर के निर्माणाधीन अंडरब्रिज में गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना सामने आई थी। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को गौरीनगर स्थित शीतला तालाब में भी गोवंश का कटा सिर मिलने की रिपोर्ट चौकी चिखली में दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई। नवरात्रि के दौरान हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।
CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कुछ लोग रात के समय सड़क पर बैठे मवेशियों को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर गौरीनगर निवासी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा और उसके परिजनों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गाय को काटकर उसका मांस बेचने तथा दोनों कटे सिरों को गौरीनगर अंडरब्रिज और शीतला तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान और स्कूटी बरामद करने की जानकारी दी है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, अंजुम बेगम, सलमान खान, मोहम्मद साकिर खान, मोईन गौरी, आरिफ कुरैशी, सलिम अख्तर, सैय्यद नदीम, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद तौहिद रजा खान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में एक अपचारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में चौकी चिखली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र शाह, सोमनी प्रभारी एमन साहू, बसंतपुर प्रभारी कौशलेन्द्र देवांगन, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई सहित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और साइबर सेल राजनांदगांव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



