खैरागढ़। खैरागढ़ के तुरकारीपारा में पुरानी बात को लेकर विवाद के बाद चाकू और डंडे से मारपीट कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 7:30 बजे तुरकारीपारा खैरागढ़ में हुई। आरोप है कि पुरानी बात को लेकर आरोपियों ने सुरेंद्र सारथी उम्र 55 वर्ष और ओम सारथी उम्र 25 वर्ष के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान लाठी-डंडे और चाकू से मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। इसके बाद थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्य उर्फ लक्की यादव (21), अभिषेक यादव (23) और गजेन्द्र उर्फ गज्जू पटेल (24) शामिल हैं। तीनों खैरागढ़ के निवासी बताए गए हैं।
प्रार्थी सुरेंद्र सारथी की रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 22 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की बात कही है।
खैरागढ़ पुलिस ने कहा कि आम जगह पर मारपीट कर भय का वातावरण पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी तत्काल और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में खैरागढ़ थाना पुलिस एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



