डोंगरगांव। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बरगांव निवासी लुलेश कुमार निषाद ने 2 अक्टूबर 2026 को थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर को उसने अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 Y 4603 को साहू वेल्डिंग दुकान, चौकी रोड के पास खड़ी की थी और कृषि उपज मंडी चला गया था। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।
रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस ने संदेही बीनू विश्वकर्मा उर्फ विनोद विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी कॉलेज रोड, वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया और चोरी की बाइक को अपने घर के आंगन में छिपाकर रखना बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल CG 08 Y 4603 बरामद कर विधिवत जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख एवं आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश पर चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई के तहत डोंगरगांव पुलिस की यह कार्रवाई की गई।



