गंडई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना गंडई पुलिस ने 24 नवंबर की रात्रि वार्ड क्रमांक 09 मस्जिदपारा स्थित मस्जिद के पास जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से कुल 2,870 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मस्जिदपारा में कुछ लोग मोबाइल की रोशनी में 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर 'काट पत्ती' नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र कांडे (49 वर्ष), मनीष कुम्भकार (26 वर्ष) और राजकुमार कोसरे (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी गंडई के वार्ड क्रमांक 09 महामाईपारा के निवासी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के फड़ एवं पास से कुल 2,870 रुपये नगद बरामद किए। इसमें शैलेन्द्र कांडे से 1,050 रुपये, मनीष कुम्भकार से 800 रुपये और राजकुमार कोसरे से 1,020 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा 52 पत्ती ताश और प्लास्टिक की बोरी भी जब्त की गई।
पुलिस ने इस मामले में थाना गंडई में अपराध क्रमांक 378/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद जमानतदार पेश करने पर जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


