राजनांदगांव। तिलई से बोरी मार्ग पर सड़क निर्माण एवं आवागमन के दौरान उड़ रही भारी धूल से क्षेत्र के ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री नोमेश वर्मा ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, राजनांदगांव को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वर्मा ने कहा कि तिलई से बोरी मार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने के कारण सड़क पर धूल का गुबार उठता रहता है। इससे स्थानीय निवासियों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में है।
उन्होंने खैरागढ़ से राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो।
नोमेश वर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तिलई से बोरी मार्ग पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, धूल नियंत्रण के उचित इंतजाम किए जाएं तथा सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन को जनहित में इस समस्या का शीघ्र निराकरण करना चाहिए।


