खैरागढ़। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त किया है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्वास्थ्य केंद्र ने स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा, उपचार की गुणवत्ता, रिकॉर्ड प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण तथा मरीज हितैषी सेवाओं जैसे विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह प्रमाणन हासिल किया है। इससे क्षेत्र के लोगों को अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सफलता लगातार किए गए सुधारात्मक प्रयासों और गुणवत्ता उन्नयन कार्यों का परिणाम है। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में स्वास्थ्य केंद्र में कई सुधार किए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम अब एनक्यूएएस प्रमाणन के रूप में सामने आया है।
इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, बीपीएम आकाश तंबोली, डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. अक्षय तिवारी एवं संभागीय क्वालिटी कंसल्टेंट कविता चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संस्था प्रभारी डॉ. मोहम्मद असलम के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों, जीवन दीप समिति, ग्राम पंचायत जालबांधा एवं पवनतरा के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


