खैरागढ़। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ सीएससी द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLE) को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केसीजी जिले के कलेक्टोरेट परिसर, खैरागढ़ में आधार सेवाओं का संचालन करने वाले परस राम साहू को Highest Amount General Insurance के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया।
परस राम साहू को यह सम्मान छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख दिवाकर प्रसाद सिंह तथा सीएससी छत्तीसगढ़ के सीईओ जय नारायण पटेल द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा
परस राम साहू ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक सुविधाएं उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई है।
सीएससी के माध्यम से विभिन्न डिजिटल एवं वित्तीय सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को देखते हुए राज्य स्तर पर यह सम्मान प्रदान किया गया।
परस राम साहू को मिले इस सम्मान से केसीजी जिले का गौरव बढ़ा है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, सीएससी परिवार, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



