खैरागढ़। जिला लोधी समाज ने समाज की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाली कथित भ्रामक खबरों के विरोध में कलेक्टर,एसपी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 22 फरवरी 2026 को एक समाचार पत्र सहित कुछ अन्य न्यूज पोर्टल एवं पर्चों में समाज के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के विरुद्ध कथित रूप से अनर्गल एवं बेबुनियाद आरोपों से संबंधित समाचार प्रकाशित/प्रसारित किया गया। समाज का आरोप है कि उक्त समाचार से सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा समाज में आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई है।
समाज प्रतिनिधियों का कहना है कि संबंधित खबरें षड्यंत्रपूर्वक प्रकाशित की गई हैं, जिससे समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिन माध्यमों से उक्त समाचार प्रकाशित या प्रसारित किया गया है, उनकी जांच कर 7 दिनों के भीतर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिला लोधी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है।इस दौरान बड़ी संख्या में लोधी समाज के प्रमुख जन उपस्थित रहे।


