खैरागढ़। दिवाली पर्व से पहले अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश की 52 पत्ती और नकदी रकम 1400 रुपये जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सर्रागोदी खार के पास कुछ लोग मोमबत्ती की रोशनी में 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर खैरागढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए आयुष साहू (21 वर्ष), संदीप वर्मा (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कुसीयारी, थाना खैरागढ़ तथा पोमेंद्र साहू (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 14 मोहड़, जिला राजनांदगांव को पकड़ा। वहीं, कुछ जुआरी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ताश की 52 पत्ती और जुआ फड़ एवं आरोपियों के पास से कुल 1400 रुपये नकद जब्त किए। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 396/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है। खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से जुआ खेलने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



