खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दपका–कुम्ही मार्ग के बीच स्थित लमही नदी में एक महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मछुआरे जब नदी में मछली पकड़ने पहुंचे, तभी उन्हें पानी में एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद मछुआरों ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतका की पहचान कुम्ही निवासी मंगलिन बाई चंद्रवंशी (उम्र लगभग 60 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि महिला 26 मार्च से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट खैरागढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


