खैरागढ़। खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के जालबाँधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ौदा में ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध मामला सामने आया। कपड़ा बेचने के बहाने गांव में घूम रहे तीन युवकों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही जालबाँधा चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों को हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे तीन युवक घर-घर जाकर कपड़े बेचने की बात कह रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक घर के पास खेल रहे छोटे बच्चे को चॉकलेट देने का लालच दिया और उसे अलग ले जाने की कोशिश की। यह देख बच्चे की बड़ी बहन ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने युवकों से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तीनों को हिरासत में लिया और जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के आसनसोल क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी पहचान सर्फराज अंजोर (36), मोहम्मद हुसैन शेख (36) और मोहम्मद सर्फराज (38) के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पुलिस व ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि बाहरी व्यक्तियों के आने पर सतर्क रहें, बिना जानकारी के किसी को कमरा न दें और बच्चों को अकेला न छोड़ें।


