खैरागढ़। ग्राम पंचायत आमाघाट कादा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आमाघाट कादा में नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र की जनपद सदस्य कुसुम जंघेल रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जंघेल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को सही और गलत का ज्ञान कराकर जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यालय एक मंदिर के समान है, जहां डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। यहां बच्चे खेल-खेल में सीखते हैं, नए मित्र बनाते हैं और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
जनपद सदस्य ने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने एवं उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और मेहनत से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने सभी से मिलकर बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत आमाघाट कादा की सरपंच कांति बाई पटेल, उपसरपंच प्रतिनिधि नकुल पटेल, पंच नकुल गहने, मीना बाई जंघेल, महेश पटेल, सतवंतीन बाई जंघेल, सरपंच प्रतिनिधि गजेंद्र पटेल, पंच मोहनू सोरी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
DNnews
खबर वही, जो लगे सही ✅


