खैरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), खैरागढ़ में सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के अंतर्गत राखी निर्माण का प्रशिक्षण ले रही प्रशिक्षार्थियों ने अपने हुनर को बाजार से जोड़ते हुए आरसेटी बाजार का आयोजन किया। बाजार में प्रशिक्षार्थियों ने स्वयं तैयार आकर्षक व पारंपरिक राखियों का प्रदर्शन किया, जिसका उद्देश्य उन्हें वास्तविक बाजार का अनुभव दिलाना और उत्पादों की बिक्री के लिए व्यावहारिक मंच उपलब्ध कराना था।
बाजार में धान, चावल, गेहूं, मूंग-गेहूं तथा बांस जैसी स्थानीय व प्राकृतिक सामग्री से तैयार राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। साधारण सामग्री को आकर्षक राखियों में बदलकर महिलाओं ने यह संदेश दिया कि हुनर और रचनात्मक सोच से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
राखी बाजार के दौरान प्रशिक्षार्थियों ने जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को अपने हाथों से तैयार राखियां बांधीं। दुलेश्वरी जोशी (ग्राम टेकाडीह, जागृति स्व सहायता समूह), बल्का देहरे (डोकराभाटा) तथा प्रशिक्षक राजेश्वरी अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को राखी बांधी।
प्रशिक्षार्थियों ने बताया कि आरसेटी में प्रशिक्षण के दौरान सीखे राखी निर्माण के हुनर को अब वे त्योहारों व अन्य अवसरों पर उत्पाद तैयार कर आय अर्जन का साधन बनाना चाहती हैं, ताकि परिवार की आय में सहयोग देने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना जा सके।
कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने प्रशिक्षार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
आरसेटी बाजार केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशिक्षार्थियों के लिए ग्राहकों से संवाद, उनकी पसंद समझने और बिक्री प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का मंच भी बना। आयोजन अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक सी.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरसेटी फैकल्टी ओम जी मिश्रा एवं अभिषेक तिवारी तथा कार्यालय सहायक संतोष कुमार कार्की का विशेष सहयोग रहा।



