खैरागढ़। जिले में इन दिनों सट्टे का कारोबार तेजी से ऑनलाइन माध्यम में शिफ्ट हो गया है। अंदरूनी क्षेत्रों में सट्टे का अवैध खेल जोरों पर चल रहा है। इसी बीच लंबे समय बाद केसीजी पुलिस ने सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी सराहना की जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरीपारा क्षेत्र में एक युवक मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी के घर पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान आरोपी नागेश मोहबे उर्फ अरुण (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 टिकरीपारा, छुईखदान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल (रेडमी 9आई) बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3000 रुपये बताई गई है। मोबाइल की जांच में सट्टा-पट्टी से संबंधित लेन-देन के व्हाट्सएप मैसेज और स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
हालांकि सूत्रों के अनुसार जालबांधा क्षेत्र में अब भी खुलेआम सट्टे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जहां शाम होते ही सटोरियों की भीड़ लग जाती है। यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से सट्टा चलने की बात सामने आ रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस जालबांधा क्षेत्र में भी कार्रवाई करती है या नहीं।


