खैरागढ़। जिले में केसीजी पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बीते एक सप्ताह से पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टा के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की कमर ढीली पड़ती नजर आ रही है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सूत्रों के मुताबिक खैरागढ़ के पांडादाह क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर अवैध शराब बिक्री होने की जानकारी सामने आ रही है, जहां लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस की सक्रियता के बाद अवैध कारोबारियों में डर का माहौल बना हुआ है।
इसी बीच छुईखदान पुलिस ने भी अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कंडरापारा छुईखदान निवासी सावन बाई मंडावी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी के घर पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लाल रंग की पोटली में रखा 65 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजा की कीमत लगभग 750 रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 550 रुपये नगद भी पुलिस ने जब्त किया। कुल जब्ती की कीमत 1300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
केसीजी पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


