खैरागढ़। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में खैरागढ़ विकासखंड की पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला, कुकुरमुड़ा की सहायक शिक्षिका कुसुमलता ध्रुव को राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिभूमि समाचार समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी थे। समारोह की अध्यक्षता एनआर स्टील के संस्थापक एवं शिक्षाविद संजय अग्रवाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं रेल मंत्रालय के राजभाषा सलाहकार चितरंजन कर उपस्थित रहे।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले प्रदेश के विभिन्न शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में खैरागढ़ विकासखंड के प्रधान पाठक रामलाल साहू, निहारिका झा एवं महादीप जंघेल को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कुसुमलता ध्रुव को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनके समर्पित शिक्षकीय कार्यों का गौरव है, बल्कि खैरागढ़ जिले और पूरे शिक्षा जगत के लिए भी गर्व का विषय है। उनके सम्मान से क्षेत्र के शिक्षकों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है।



