खैरागढ़। जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मनरेगा भुगतान को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि योजना में अब तक मजदूरी भुगतान नहीं होने से ग्रामीण अंचलों के मजदूरों और किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्मला वर्मा ने कहा कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में ग्रामीण पलायन को रोकने और गांवों में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के लागू होने के बाद ग्रामीणों को अपने ही गांव में रोजगार मिला और पलायन पर भी रोक लगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। साथ ही उन्होंने सरकार पर किसानों और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
निर्मला विजय वर्मा ने मांग की कि लंबित भुगतान शीघ्र जारी किया जाए, ताकि मजदूरों को राहत मिल सके।


