खैरागढ़। ग्राम गोपालपुर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग की उनके ही घर के भीतर खून से लथपथ लाश मिली। घटना के समय घर में उनकी बेटी और बहू मौजूद थीं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
परिजनों के मुताबिक, सुबह जब वे उन्हें जगाने कमरे में पहुंचे तो बुजुर्ग बिस्तर पर खून से सने पड़े थे। शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जो निर्मम हत्या की ओर इशारा करते हैं। यह भयावह दृश्य देखकर परिवार के लोग सन्न रह गए और तत्काल ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ठेलकाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर को घेराबंदी में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात देर रात किस समय हुई और क्या किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता रही।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


