खैरागढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, सब इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर भर्ती प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को जिले में किया जाएगा। परीक्षा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ स्थित परीक्षा केंद्र क्रमांक 2901 में आयोजित होगी।
नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने बताया कि परीक्षा में 360 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।
9:45 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 9:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है।
इन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ किसी एक मूल पहचान पत्र को अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। इनमें—
आधार कार्ड / ई-आधार
मतदाता पहचान पत्र
पैन कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
शामिल हैं।
ड्रेस कोड का रखें विशेष ध्यान
आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
इन पर रहेगा प्रतिबंध:
काले, गहरे नीले, हरे, मैरून, जामुनी या चॉकलेटी रंग के कपड़े
कार्गो पैंट
डिजाइनर परिधान
पूरी बांह के कपड़े
किसी भी प्रकार के आभूषण
ऊंची हील या मोटे सोल वाले जूते
केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही प्रवेश की अनुमति होगी।
इन सामानों पर पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्र में निम्नलिखित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा—
मोबाइल फोन
स्मार्ट वॉच
ब्लूटूथ डिवाइस
कैलकुलेटर
अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
सुरक्षा जांच होगी अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की मेटल डिटेक्टर जांच, मैन्युअल तलाशी, मूल पहचान पत्र का सत्यापन तथा फेस वेरिफिकेशन किया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें।

