खैरागढ़। स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहभागिता और जागरूकता के लिए माननीय राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी को जिला प्रशासन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुरी के सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि से ग्राम पंचायत सोनपुरी के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्राम पंचायत द्वारा स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों और ग्रामीणों की सहभागिता को इस सम्मान से नई पहचान मिली है।
सम्मान मिलने के बाद गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और बढ़ावा देने तथा सोनपुरी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ ग्राम बनाने के प्रयासों को गति देने की बात कही गई। ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें।
ग्राम पंचायत की सरपंच सीमा गुनेश वर्मा एवं ग्राम पंचायत सोनपुरी परिवार ने सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वच्छता अभियान में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार जताया।
ग्राम पंचायत ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर ग्रामीण जीवनशैली का हिस्सा बने, यही सोनपुरी का संकल्प है।
🌿 स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव — यही सोनपुरी की पहचान।



