खैरागढ़। जिला अस्पताल खैरागढ़ में कार्यरत जीवनदीप समिति के कर्मचारियों ने 30 सितंबर को नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने वर्षों से चली आ रही अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और सभी कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन प्रदान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए CMHO से इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
इस पर CMHO डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान के विषय में संबंधित स्तर पर चर्चा कर आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद जीवनदीप समिति के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर दुर्ग संभाग अध्यक्ष नेहरू लाल जंघेल, KCG जिले की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सीमा मिश्रा, जिला सचिव देव कुमार साहू, घनश्याम प्रसाद तिवारी सहित जिला अस्पताल के बड़ी संख्या में जीवनदीप समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन मिलने की उम्मीद
CMHO के आश्वासन के बाद कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित वेतन संबंधी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। अब कर्मचारियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनकी मांग पर आगे क्या निर्णय लिया जाता है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



