खैरागढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खैरागढ़ विकासखंड के माननीय राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में केंद्र सरकार की VB-G RAM G योजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही गांव के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
ग्रामसभा में संयुक्त आयुक्त रायपुर रामधन श्रीवास, सहायक परियोजना अधिकारी खैरागढ़ प्रेम देवांगन तथा जनपद पंचायत खैरागढ़ के पीओ उपेंद्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच सीमा गुनेश वर्मा, सचिव पुनीता साहू और रोजगार सहायक खिलेश्वरी जांघेल सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए।
ग्रामसभा में VB-G RAM G योजना के उद्देश्यों, ग्रामीण विकास में जनभागीदारी और गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने रोजगार के अवसर बढ़ाने, आवश्यक विकास कार्यों की पहचान करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को लेकर अपने सुझाव रखे। उपस्थित अधिकारियों ने योजना की जानकारी देते हुए कार्ययोजना तैयार करने में ग्रामीणों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर सरपंच सीमा गुनेश वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य गांव के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है। ग्रामीणों के सुझावों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिल सके।
ग्रामसभा में महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों, स्वच्छता दीदियों और लखपति दीदियों की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। महिलाओं की सहभागिता ने ग्राम विकास में सामूहिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।
ग्रामसभा में वार्ड पंच टोप सिंह वर्मा, रामगोपाल वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, गजेन्द्र रजक एवं चान्दिका जांघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज, स्वावलंबन और जनभागीदारी के विचारों को आत्मसात करते हुए ग्रामसभा में सोनपुरी को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और विकसित ग्राम बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही ग्रामीणों से ग्रामसभा में नियमित रूप से भाग लेने और गांव के विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।
स्थान: ग्राम पंचायत सोनपुरी, विकासखंड खैरागढ़, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)।



