खैरागढ़। खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत सेवा सहकारी समिति बैहाटोला के किसानों ने समिति अध्यक्ष उमेंद्र उइके को तत्काल पद से हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने अध्यक्ष पर पद के दुरुपयोग, मनमानी और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
किसानों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि समिति अध्यक्ष द्वारा किसी भी कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। आरोप है कि अध्यक्ष अपने स्तर पर मनमाने फैसले ले रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि समिति में लगातार अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसके कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा समिति अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान संस्कार झा, तेजराम वर्मा, संसाय वर्मा, होरीलाल वर्मा, जीवन वर्मा, घूरेलाल पटेल, धीरनाथ पटेल, देवसिंग वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


