खैरागढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत ठाकुरटोला में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वन संवर्धन और जैव विविधता की रक्षा को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों और उनसे निपटने के उपायों की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
अनुविभागीय अधिकारी (वन) खुटे एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी आवश्यक है। उन्होंने वनों और वन्य प्राणियों की सुरक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू और ग्राम पंचायत ठाकुरटोला के सरपंच राजा लाल तोहित सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। जनसहभागिता और वन विभाग के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


