खैरागढ़। शहर के आदित्य लॉज में मैनेजर से मारपीट, गाली-गलौज और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 की शाम लगभग 3:45 बजे आदित्य लॉज में मैनेजर नितेश यादव उर्फ राजा यादव अपने काउंटर पर मौजूद थे। इसी दौरान तुक्कारापारा निवासी भोला उर्फ भोजराज पटेल तथा नया बस स्टैंड के पीछे रहने वाला बाउ उर्फ पवन चन्द्राकर वहां पहुंचे और उनसे पैसों की मांग करने लगे।
पैसे देने से इंकार करने पर दोनों आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। घटना के दौरान आरोपी पवन चन्द्राकर ने अपने पास रखे चाकू को लहराकर भय का माहौल बनाया, जबकि दूसरे आरोपी भोजराज पटेल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जून 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पवन चन्द्राकर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को सूचना दी तथा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

