राजनांदगांव। ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रेत खनन और फायरिंग मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने आखिरकार न्यायालय में सरेंडर कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में दर्ज प्रकरण के अनुसार 11 जून 2025 की शाम अवैध रेत उत्खनन के लिए रैम्प निर्माण हेतु जेसीबी मौके पर पहुंची थी। इसे रोकने पहुंचे ग्रामीणों के साथ कार सवार 7–8 लोगों ने मारपीट की और फायरिंग की थी।
इस मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025 धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और खनिज अधिनियम की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पूर्व में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था और विवेचना पूरी कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
प्रकरण में फरार आरोपी संजय सिंह (33) निवासी भिण्ड और अमन बैसन्दर (28) निवासी ग्वालियर के खिलाफ न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में लगातार पतासाजी और उद्घोषणा कार्रवाई की गई।
इसके बाद दोनों आरोपी 10 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश हुए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद पुलिस ने उन्हें जेल वारंट पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया।


