खैरागढ़। संचालक आयुष, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी केसीजी के कुशल मार्गदर्शन में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम मुढ़ीपार में एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत खैरागढ़ के उपाध्यक्ष लखन साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सभापति पुरुषोत्तम साहू, दाऊ भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, सरपंच कुमेश साहू, नरोत्तम सिन्हा, गोरेलाल वर्मा, सुनील जैन, संतोष सिन्हा, खेमलाल सिन्हा, श्रीमती कान्ती केशव साहू, खुमान देशलहरे, डीआर निर्मलकर, हरिराम साहू, समाजसेवक उत्तम पन्नालाल जैन, उत्तम पटेल, जैनेन्द्र कुमार साहू सहित निर्वाचित पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए आयुष चिकित्सा पद्धतियों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी जैसी आयुष पद्धतियां न केवल विभिन्न रोगों के उपचार में सहायक हैं, बल्कि स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण अंचलों में इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों को जनहित में आवश्यक बताते हुए उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
शिविर में कुल 536 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया। इस दौरान 200 मरीजों का रक्तचाप परीक्षण, 109 का मधुमेह परीक्षण, 10 मरीजों का मलेरिया टेस्ट तथा 20 मरीजों का एक्स-रे किया गया। चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों, जोड़ों के दर्द, पेट संबंधी रोग, त्वचा रोग, सर्दी-खांसी, रक्तचाप सहित विभिन्न सामान्य एवं दीर्घकालिक रोगों के संबंध में मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

शिविर में डॉ. प्रसन्न कुमार प्रधान, डॉ. रंजित सिंह देशमुख, डॉ. शिल्पी सिंह, डॉ. वैशाली महाकालकर, डॉ. हरिश शरण साहू सहित फार्मासिस्ट कोमदास साहू, सुग्रीव दास वर्मा, कमलेश धनकर, संतराम गेंड्रे, संगीता बघेल, शकुंतला जनबंधु ने अपनी सेवाएं दीं। औषधालय सेवक बेनीमाधव, शुत्रहन धुर्वे, रूपेश चन्द्राकर, नारायण सिंह ठाकुर, श्रीमती कुंजलता पटेल (एमपीडब्ल्यू), योग प्रशिक्षक दीनदयाल वर्मा सहित अन्य कर्मचारियों का शिविर के सफल आयोजन में सराहनीय सहयोग रहा।
ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर से बड़ी संख्या में लोगों को एक ही स्थान पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ मिला।




