खैरागढ़। शहर के मुस्लिम समाज ने बुधवार, 26 अगस्त को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का 1501वां जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी के रूप में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। पर्व की शुरुआत सुबह 4 बजे सलातो सलाम व नात से हुई, इसके बाद फजर की नमाज और कुरानखानी संपन्न हुई। परंपरा के अनुसार सुबह 9:30 बजे मस्जिद चौक से भव्य जुलूस निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मस्जिद चौक पहुंचा।
जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज फखरुद्दीन मिस्बाही ने परचम कुशाई की रस्म अदा कर फातिहा पढ़ी और लोगों को पैगंबर साहब के बताए अहिंसा, मानवता, समानता और सच्चाई के मार्ग पर चलने की नसीहत दी। इस अवसर पर जिले सहित प्रदेश और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी गई।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर फल, शरबत, आइसक्रीम, शीतल पेय, केक और नाश्ते का वितरण किया गया। समाजसेवी रमेश शर्मा और पूर्व पार्षद संजय शर्मा गुड्डू ने मुस्लिम भाइयों को पानी पिलाकर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। रायपुर से आए चिश्तिया नातियां ग्रुप के गायकों ने नात और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिसे नगरवासियों ने खूब सराहा। समाज ने नगरवासियों को मिठाई बांटी और शाम को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में भर्ती मरीजों को फल-बिस्किट वितरित किए।
जुलूस में नपा उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, जामा मस्जिद सदर अरशद हुसैन डब्बू, इकरा फाउंडेशन अध्यक्ष खलील कुरैशी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के सदस्य शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस विभाग का सराहनीय योगदान रहा।




