खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ में शारदीय नवरात्रि पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक एवं भव्य पूजा पंडाल सजाए गए हैं, जहां सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पूरा शहर माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय नजर आ रहा है।
इसी क्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने खैरागढ़ शहर में स्थापित मां दुर्गा एवं मां सरस्वती के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता रानी के चरणों में क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
आस्था और संस्कृति से सराबोर संगीत नगरी
पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व पूरे क्षेत्र को सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति से भर देता है। खैरागढ़ की पहचान केवल कला और संगीत की नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के लिए भी है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान शहर में जगह-जगह सजे आकर्षक पंडाल, माता रानी के जयकारे और श्रद्धालुओं की आस्था खैरागढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करते हैं। यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश भी देता है।
विक्रांत सिंह ने कहा कि नवरात्रि हमें धर्म की अधर्म पर विजय और सत्य की शक्ति का संदेश देती है। खैरागढ़ की जनता की श्रद्धा और उत्साह इस शहर की वास्तविक ताकत है। उन्होंने माता रानी से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता टी.के. चंदेल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेंद्र त्रिपाठी सहित आयश सिंह, नीलिमा गोस्वामी, महेश गोस्वामी, रूपेंद्र रजक, विकेश गुप्ता, अजय जैन, संजय शर्मा, खेमराज जैन, विनय देवांगन, अयूब सोलंकी, मनजीत सिंह और अनुज देवांगन समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।



