गंडई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुए के तीन अड्डों पर दबिश देकर कुल 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 2,180 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमों के शीतला तालाब के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके से शेख अमीर (36), प्रमोद कुमार पोर्ते (24) और जयराम पटेल (50) को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ एवं 650 रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 326/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम हरडंडा के पीपल चौक के पास पुलिस ने दबिश दी। यहां 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए छन्नुदास बंजारे (40) और शिव सतनामी (38) को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 720 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश एवं एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) में अपराध दर्ज किया गया।
इसके अलावा ग्राम लालपुर गौठान के पास भी पुलिस ने जुए के फड़ पर कार्रवाई की। यहां छन्नु पटेल (33), सबित लाल (46), फुलदास पटेल (48) और परशुराम (35) को 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। मौके से 810 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश एवं जुआ फड़ जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 329/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, तीनों मामलों में गिरफ्तार जुआरियों को जमानत मुचलके पर छोड़ा गया है।
अलग-अलग स्थानों पर बन रहे जुए के अड्डों पर पुलिस की नजर
क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर जुए के फड़ लगाए जाने की सूचनाओं के बीच पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक एवं सुनसान स्थानों पर जुआ खेलने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।



