खैरागढ़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय खैरागढ़ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव की रणनीति सहित संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में लगातार कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के दम पर पार्टी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
वहीं खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ता अभी से पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में जुट जाएं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से लगातार जनता के संपर्क में रहने का आह्वान किया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और समन्वय स्थापित करने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिला भाजपा प्रभारी नलीनीश ठोकने, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, नगरीय निकाय चुनाव सह प्रभारी ओमप्रकाश जोशी, श्रीमती किरण साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, मंडल भाजपा अध्यक्ष दिनेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



