खैरागढ़। स्थानीय राजपूत क्षत्रिय भवन में शहर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने की।
बैठक में शहर के सभी 20 वार्डों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रत्येक वार्ड अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क करने, आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने वार्डों की स्थिति, स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर सुझाव भी रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन एवं रज्जाक खान ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी की गाइडलाइन एवं संगठनात्मक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
नेताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों के अनुरूप शहर कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों पर सक्रिय है। धरना-प्रदर्शन, घेराव, मशाल यात्रा, पुतला दहन और विभिन्न जनआंदोलनों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी संगठन की मजबूती का प्रमाण है।
बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ लड़ने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, बेहतर जनसंपर्क और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर कांग्रेस आगामी चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन करेगी।
बैठक में जितेन्द्र सिंह गौर, मयूरी सिंह, दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव, यतेंद्रजीत सिंह, किशन रजक, पलाश सिंह, रविन्द्र सिंह गहेरवार, पूरन सारथी, अमित सिंह, भरत चंद्राकर, मोहित भांडेकर, डॉ. यशेश सिंह ठाकुर, पुरुषोत्तम वर्मा, दिलीप लहरे, सुमन दयाराम पटेल, महेश यादव, संत निषाद, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, गिरीश सारथी, अविनाश सिंह, रतन सिंघी, संतोष वर्मा, अजय देवांगन, राकेश वर्मा, विनोद सिन्हा, हरि धीमर, गीता यादव, अनाम भोंडेकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



