खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का कारोबार लगातार चर्चा में बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब, नगदी और वाहन जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों धनेश चंदेल के पोल्ट्री फार्म के सामने मुख्य मार्ग छुईखदान में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शेख मिलतार पिता शेख मोहर्रम उम्र 53 वर्ष निवासी उदयपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद सफेद रंग के थैले से 11 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की तथा 20 पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.580 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत लगभग 2920 रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 S 8649, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, तथा 3800 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छुईखदान थाना में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक आदेश पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।


