खैरागढ़,जिले के खैरागढ़ ब्लॉक में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में पुताई कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कई आंगनबाड़ी भवनों में ठेकेदार के माध्यम से कराई गई पुताई बेहद घटिया और गुणवत्ताविहीन पाई गई है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, पुताई कार्य में न तो पुरानी परत को सही तरीके से हटाया गया और न ही निर्धारित मानकों का पालन किया गया। नतीजतन, भवन पहले की तुलना में और खराब स्थिति में नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शासन द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र की पुताई के लिए लगभग ₹3000 की राशि स्वीकृत की गई थी। इसके बावजूद कार्य की गुणवत्ता बेहद निम्न स्तर की है, जिससे स्पष्ट होता है कि राशि के उपयोग में गड़बड़ी और बंदरबांट की आशंका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह स्थिति हर वर्ष देखने को मिलती है, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। इस मामले में जब संबंधित अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो वे जवाब देने से बचते नजर आए।
ऐसे में विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग ठेकेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।


