खैरागढ़ में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहकर जनता के बीच काम करने की अपील की। शहर प्रभारी विजय वर्मा ने एकजुटता पर जोर देते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
जिला पं. मिहिर झा ने संगठनात्मक मजबूती को सफलता की कुंजी बताया, वहीं जिला सचिव पलाश सिंह ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि खैरागढ़ में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और अब कार्यकर्ता हर वार्ड व बूथ तक पहुंचकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन ने भी कहा कि पार्टी हमेशा से आम जनता, किसानों और युवाओं की आवाज रही है और आगे भी जमीनी स्तर पर काम जारी रहेगा।
बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


