खैरागढ़। रायपुर जिले के माना स्थित ग्राम नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी (एमएलए कॉलोनी) के लिए गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को खैरागढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में टैंपो चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुतला दहन रोकने को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम नकटी में बारिश के बीच 80 से अधिक गरीब परिवारों को बेघर कर दिया गया। उनका कहना है कि इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित कई मकान भी शामिल थे, जिन्हें अवैध बताकर बिना पूर्व सूचना के ध्वस्त कर दिया गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल न्याय, उचित पुनर्वास और मुआवजे की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने संवेदनहीन रवैया अपनाते हुए गरीब परिवारों को बारिश के मौसम में बेघर कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय, पुनर्वास और उचित मुआवजा नहीं मिला तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि नकटी में गरीब परिवारों के मकानों को तोड़ना पूरी तरह अमानवीय और जनविरोधी कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर गरीबों का आशियाना छीन रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय, उचित पुनर्वास तथा मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार युवाओं, किसानों और महिलाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव में 80 से अधिक गरीब परिवारों के मकानों को, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर भी शामिल थे, बिना पूर्व सूचना के अवैध बताकर तोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान टैंपो चौक पर कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व झूमाझटकी हुई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, शशिकांत पाण्डेय, संदीप सिरमौर, जीतेन्द्र सिंह गौर, दीपक देवांगन, शेखर दास, राम कुमार पटेल, रविंद्र सिंह, पुरन सारथी, भिखाम सिन्हा, मनसा राम सिमकर, नदीम मेमन, सरजू वर्मा, अनुराग तुर्रे, मनोहर सेन, कन्हैया रजक, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन दिमार, कोमल वर्मा, महेश यादव, अरशद हुसैन, अल्ताफ अली, यतेंद्र जीत सिंह, सूरज महिलकर, संजू सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

