खैरागढ़। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती खैरागढ़ में बौद्ध समाज के नेतृत्व में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। मंचीय कार्यक्रम, भव्य रैली और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला ने पूरे नगर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल की मध्यरात्रि अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर जन्मोत्सव मनाकर हुई। 14 अप्रैल की सुबह दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार से विशाल बाइक रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः अंबेडकर चौक पहुंची। रैली के समापन पर डॉ. नागेश सिमकर के नेतृत्व में शीतल पेय वितरित किया गया। इसके बाद उपासक-उपासिकाओं ने माल्यार्पण कर बुद्ध वंदना, पंचशील और त्रिशरण का पाठ किया।
सायं 5 बजे बुद्ध विहार से पैदल रैली निकाली गई, जिसका विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। तुरकारी पारा में सारथी समाज द्वारा फल एवं पेयजल वितरण किया गया, वहीं मस्जिद रोड पर मुस्लिम समाज ने शरबत पिलाकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। अंबेडकर चौक पहुंचकर आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और बौद्ध समाज के भवन निर्माण हेतु 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज के उत्थान का आधार बताते हुए नई पीढ़ी को जागरूक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।


