खैरागढ़। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने ग्राम देवरी में दबिश देकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 900 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को थाना खैरागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम देवरी में गनेशु डहरे नामक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में रेड कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी गनेशु डहरे (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय भगेला डहरे, निवासी ग्राम देवरी को कथित तौर पर महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 360 रुपये बताई गई है, तथा शराब बिक्री की रकम 540 रुपये बरामद की गई। पुलिस ने कुल 900 रुपये की सामग्री जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
अवैध शराब कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



