खैरागढ़। जिले के बाजार अतरिया, छुईखदान क्षेत्र के पदमावतीपुर और उदयपुर गांव में बड़े पैमाने पर कथित अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इन क्षेत्रों में शराब कोचियों द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ दबंग लोगों के संरक्षण में गांवों में खुले तौर पर शराब की बिक्री होने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार पदमावतीपुर और उदयपुर में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में शराब पहुंचाकर बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के कारण गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवा वर्ग पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि शराब की बिक्री अवैध रूप से हो रही है, तो इतनी बड़ी मात्रा में शराब इन गांवों तक पहुंच कैसे रही है? शराब कोचियों को शराब की आपूर्ति कहां से हो रही है और इस नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की मांग उठ रही है।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि आबकारी विभाग इन स्थानों पर जांच कर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।



