खैरागढ़। कोसरिया यादव समाज का जिला महासभा (जिलाधिवेशन) आगामी 29 मार्च 2026, दिन रविवार को राम मंदिर बर्फानी धाम टिकरापारा खैरागढ़ में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को लेकर समाज में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे पूजा-अर्चना एवं कलश यात्रा के साथ होगी।
इसके पश्चात राऊत नाच प्रतियोगिता, सम्मान समारोह, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक नियमावली का अनुमोदन एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान उनके करकमलों से जिला यादव भवन का भूमिपूजन भी किया जाएगा, जो समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारी विभिन्न सर्किलों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, मानसिक और आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी है और इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
समाज की ओर से सभी यादव बंधुओं, माताओं एवं बहनों से आग्रह किया गया है कि वे 29 मार्च को अपने व्यापार-व्यवसाय एक दिन बंद रखकर पूरे परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हों और सामूहिक भोज ग्रहण कर आयोजन की गरिमा बढ़ाएं। जिला कोसरिया यादव महासभा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा आयोजित इस अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री, मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम को और भव्य स्वरूप दिया जा सके।


